top of page

असली दौलत

डॉ. कृष्णकांत श्रीवास्तव

एक गांव में एक श्याम बहादुर नाम का एक किसान अपनी पत्नी और चार लड़कों के साथ रहता था। श्याम बहादुर खेतों में मेहनत करके अपने परिवार का पेट पालता था। लेकिन उसके चारो लड़के आलसी थे।
जो गांव में वैसे ही इधर-उधर घूमते रहते थे। एक दिन श्याम बहादुर ने अपनी पत्नी से कहा कि अभी तो मैं खेतों में काम कर रहा हूँ। लेकिन मेरे बाद इन लड़कों का क्या होगा। इन्होंने तो कभी मेहनत भी नहीं की है। ये तो कभी खेत में भी नहीं गए।
श्याम बहादुर की पत्नी ने कहा कि धीरे-धीरे ये भी काम करने लगेंगे। समय बीतता गया और श्याम बहादुर के लड़के कोई काम नहीं करते थे। एक बार श्याम बहादुर बहुत बीमार पड़ गया। वह काफी दिनों तक बीमार ही रहा।
उसने अपनी पत्नी को कहा कि वह चारों लड़को को बुला कर लाये। उसकी पत्नी चारों लड़को को बुलाकर लायी। श्याम बहादुर ने कहा लगता है कि अब मैं ज्यादा दिनों तक जिन्दा नहीं रहूँगा। श्याम बहादुर को चिंता थी कि उसके जाने के बाद उसके बेटों का क्या होगा।
इसलिए उसने कहा बेटों मैने अपने जीवन में जो भी कुछ कमाया है वह खजाना अपने खेतों के निचे दबा रखा है। मेरे बाद तुम उसमें से खजाना निकालकर आपस में बाँट लेना। यह बात सुनकर चारों लड़के खुश हो गए।
कुछ समय बाद श्याम बहादुर की मृत्यु हो गयी। श्याम बहादुर की मृत्यु के कुछ दिनों बाद उसके लड़के खेत में दबा खजाना निकालने गए। उन्होंने सुबह से लेकर शाम तक सारा खेत खोद दिया। लेकिन उनको कोई भी खजाना नज़र नहीं आया।
लड़के घर आकर अपनी माँ से बोले माँ पिताजी ने हमसे झूठ बोला था। उस खेत में हमें कोई खजाना नहीं मिला। उसकी माँ ने बताया कि तुम्हारे पिताजी ने जीवन में यही घर और खेत ही कमाया है। लेकिन अब तुमने खेत खोद ही दिया है तो उसमे बीज बो दो।
इसके बाद लड़को ने बीज बोये और माँ के कहेनुसार उसमे पानी देते गए। कुछ समय बाद फसल पक कर तैयार हो गयी। जिसको बेचकर लड़कों को अच्छा मुनाफा हुआ। जिसे लेकर वह अपनी माँ के पास पहुंचे। माँ ने कहा कि तुम्हारी मेहनत ही असली खजाना है। यही तुम्हारे पिताजी तुमको समझाना चाहते थे।
सीख: हमें आलस्य को त्यागकर मेहनत करना चाहिए। मेहनत ही इंसान की असली दौलत है।
*********
0 views0 comments

Recent Posts

See All

Comments


bottom of page